न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के तिनकोनिया मोड़ के पास बीते दिनों हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने अपराधियों के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई अन्य चीजें भी बरामद कर ली हैं.
यह पूरा मामला तब सामने आया जब ग्राम बेनीडीह के रहने वाले सूरजदेव भुइयां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि जब वह शाम के समय सरहुआ से अपने घर लौट रहे थे, तभी तिनकोनिया मोड़ के पास बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया. अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और उनका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन व स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए.
शिकायत मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस ने अनुसंधान तेज किया. तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने सबसे पहले घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल के साथ अभियुक्त चन्दन कुमार को गिरफ्तार किया. चन्दन कुमार की निशानदेही और उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इस लूट में शामिल दो अन्य अपराधियों, अक्षय कुमार रजक और अंकुर कुमार को भी दबोच लिया गया. पुलिस ने अक्षय कुमार के एक रिश्तेदार के घर से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है.
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बाघी के रहने वाले हैं. पुलिस ने इनके पास से लूटा गया वीवो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, डराने के लिए इस्तेमाल किया गया खिलौना पिस्तौल, चार अन्य मोबाइल फोन, लूटी गई बाइक की नंबर प्लेट, दो लुकिंग ग्लास और बाइक खोलने के औजार बरामद किए हैं. इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी ओमप्रकाश साह, उपनिरीक्षक उदीप कुमार बाघवार, शिवशंकर प्रसाद और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
यह भी पढ़ें: बरसात में बढ़ा डेंगू-मलेरिया का खतरा, बहरागोड़ा CHC का अलर्ट; झाड़ियों की सफाई और मच्छरदानी अनिवार्य