न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में आज बुधवार अहले सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार उचक्कों ने चेन छीन कर फरार हो गए. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फ़ैल गयी है. घटना टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित भाटिया बस्ती सर्विस रोड पर नायक होटल के समीप हुई. पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. पीड़िता की पहचान दिलीप सिंह की पत्नी बबिता सिंह के रूप में हुई है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, महिला आज सुबह टहलने निकली थी. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी हेलमेट पहने नजर आ रहे हैं. बाइक चला रहा युवक हाफ पैंट पहने हुए दिखाई दे रहा है.
सीसीटीवी फुटेज में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. दरअसल बाइक के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगे हुए हैं. आगे की नंबर प्लेट पर JH05CD अंकित है, जबकि पीछे की प्लेट पर JH?9883 दर्ज दिखाई दे रहा है. इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस बाइक और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि आरआईटी मोड़ और आसपास का क्षेत्र लगातार आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है. क्षेत्र के एक होटल और वहां कथित रूप से चल रही अनैतिक गतिविधियों को लेकर भी पहले से शिकायतें सामने आती रही हैं. लोगों का कहना है कि पुलिस को इस पूरे इलाके में विशेष निगरानी बढ़ाने की जरूरत है. घटना को लेकर स्थानीय पार्षद मनोरमा देवी ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: जगन्नाथपुर में जंगली दंतैल हाथी का कहर, पटक-पटककर ग्रामीण को उतारा मौत के घाट