न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर स्थित अजीत ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. दुकान संचालक अजीत कुमार वर्मा, तेतुलमारी पांडेडीह निवासी, के अनुसार चोर दुकान से करीब 40 से 50 हजार रुपये मूल्य के कांसा, पीतल और चांदी के सामान ले गए. वहीं, दुकान को भी करीब 10 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है.
रविवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे अजीत कुमार वर्मा ने देखा कि दुकान की छत का करकट और सीलिंग क्षतिग्रस्त है. दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई सामान गायब थे.
अजीत कुमार वर्मा के अनुसार चोरी गए सामानों में कांसा की थाली, कटोरी और गिलास, पीतल की हांडी, बाल्टी, लोटा व दिया समेत चांदी की राखी, बिछिया, पायल और भेलवा कोड़ी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि चोरों ने दुकान में रखे रेंचेस को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके. इसके कारण रेंचेस में रखा सामान सुरक्षित बच गया.
अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में भी उनकी दुकान में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी सूचना उस समय राजगंज थाना में दी गई थी.
घटना को लेकर अजीत कुमार वर्मा ने राजगंज थाना में लिखित शिकायत दी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: भरनो में विधिक सेवा प्राधिकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों को दी गई कानूनी सहायता की जानकारी