मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी. सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार के कांस्टेबल हेम पुरी (CISF No. 220500964) ने मानवाधिकार विषय पर आयोजित जोनल स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया. उनकी इस उपलब्धि से सीआईएसएफ यूनिट सहित एनके एरिया एवं पिपरवार क्षेत्र का गौरव बढ़ा है.
15 सितंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के दिगबेरिया में बीएसएफ की ओर से जोनल स्तर की मानवाधिकार वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई थी. प्रतियोगिता के अंग्रेजी वर्ग में कांस्टेबल हेम पुरी ने प्रस्ताव के विरोध में अपना पक्ष प्रस्तुत किया. उन्होंने मानवाधिकार से जुड़े विषय पर तथ्यों और तर्कों के साथ प्रभावी ढंग से अपनी बात रखी. उनकी विषय की समझ, तार्किक क्षमता, प्रभावशाली अभिव्यक्ति और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ.
हेम पुरी की इस उपलब्धि पर सीआईएसएफ एनके एरिया एवं पिपरवार यूनिट के कमांडेंट अमित कुमार ने उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बल सदस्यों में ज्ञान, तर्कशक्ति, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. उन्होंने कहा कि बल सदस्यों को अपने नियमित दायित्वों के साथ-साथ ऐसी प्रतियोगिताओं एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए.
कमांडेंट ने कांस्टेबल हेम पुरी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया. जोनल स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर हेम पुरी ने सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार का नाम गौरवान्वित किया है. उनकी इस सफलता को यूनिट के अन्य बल सदस्यों के लिए भी प्रेरणादायी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: पलामू पुलिस ने 12 स्थानों पर चलाया सघन वाहन जांच अभियान, कुल 792 वाहनों की हुई जांच