प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित अनुसेवक योगेंद्र सिंह की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद शुक्रवार की सुबह रांची के रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद देर शाम उनका शव पैतृक गांव मंगरा के कल्याणपुर पहुंचा. शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा. शव पहुंचने की सूचना मिलते ही अंतिम दर्शन के लिए जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी रेखा रेशमा मिंज, एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार, अंचलाधिकारी लवकेश सिंह, मुखिया बिपिन बिहारी समेत प्रखंड व अंचल के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. सभी ने मृतक को श्रद्धांजलि दी.इस दौरान बीडीओ रेखा रेशमा मिंज ने मृतक की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दिलाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने योगेंद्र सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की.
यह भी पढ़ें: त्रिपक्षीय वार्ता में विस्थापित-प्रभावित रैयतों के नियोजन व मूलभूत सुविधाओं पर बनी सहमति