विश्वकर्मा भारती/न्यूज 11 भारत
बेरमो/डेस्क: डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय क्लस्टर-5 स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन गुरुवार को डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के जीएम ग्राउंड में उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ. प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा, स्वांग, तेनुघाट, ललपनिया, दुग्धा, भंडारीदह एवं सरिया सहित कुल सात विद्यालयों के खिलाड़ियों ने सहभागिता कर खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के अंतर्गत डीएवी कथारा ने खो-खो, वॉलीबॉल एवं क्रिकेट प्रतियोगिताओं की सफल मेजबानी की.
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के एजीएम विनोद कुमार थे. विशिष्ट अतिथियों में कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. आमिर हुसैन (डॉ. राधाकृष्ण सहोदय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बोकारो के उपाध्यक्ष), माउंट सियॉन स्कूल के निदेशक संजय ठाकुर तथा रेनबो पब्लिक स्कूल के विपुल कुमार सिंह (सहोदय कॉम्प्लेक्स के सदस्य) उपस्थित रहे. इनके अतिरिक्त डीएवी ललपनिया की प्राचार्य तन्मय बनर्जी, समाजसेविका सुनीता सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह, मोहम्मद जानी तथा कथारा क्रिकेट अकादमी के संचालक अशोक कुमार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ा रहे थे.
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गान से हुआ. छात्राओं ने मनमोहक गुजराती नृत्य प्रस्तुत कर सभी का स्वागत किया. इसके बाद भावपूर्ण विदाई गीत की प्रस्तुति की गई. झारखंड की सांस्कृतिक पहचान से ओतप्रोत नागपुरी लोकगीत पर जम्बल मार्च ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
इस अवसर पर झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह- विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी. एन. खान ने उपस्थित मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के प्रति आभार जताया एवं उनका स्वागत किया. अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारते हैं, आत्मविश्वास बढ़ाते हैं तथा उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के योग्य बनाते हैं. उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता एवं प्रतिभागी सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं.
मुख्य अतिथि विनोद कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार और जीत जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है, किंतु सच्चा खिलाड़ी वही है जो खेल भावना को सर्वोपरि रखकर निरंतर आगे बढ़ता है. उन्होंने कथारा के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को अनुशासन, समर्पण एवं लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें: भाकपा-माले की बैठक में 28 जुलाई को चारू मजूमदार का शहादत दिवस मनाने का निर्णय