संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने आज पांडू थाना सहित महुदंड, लाठिया और खजूरी पुलिस पिकेट्स का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने थाना के अभिलेखों, लंबित मामलों, वारंट व कुर्की निष्पादन, पासपोर्ट सत्यापन और परिसर की साफ-सफाई व व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की..
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने गंभीर और पुराने लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाकर समय पर आरोप-पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया, इसके साथ ही फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा वारंट व कुर्की के त्वरित निपटारे की हिदायत दी..
थाना निरीक्षण के बाद उन्होंने महुदंड, लाठिया और खजूरी पिकेट्स में तैनात जवानों से सीधे बातचीत की. उन्होंने जवानों की समस्याओं और आवश्यकताओं को सुनकर उनके समाधान के निर्देश दिए.
पिकेट परिसरों की सुरक्षा, आवासीय व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने जवानों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और नियमित गश्त के साथ कर्तव्यों का पालन करने को कहा.
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि पुलिस बल का मनोबल बनाए रखना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता है उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए....
यह भी पढ़ें: बिहार के चकाई, बीचकोड़वा गांव निवासी एक किशोर की बेंगाबाद के पहाड़पुर में निर्मम हत्या