गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-18 स्थित रॉयल मिंट होटल के समीप शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जमशेदपुर की ओर से आ रहे एक खाली ट्रक ने आगे चल रहे अलकतरा लदे टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया, जबकि टैंकर से अलकतरा सड़क पर फैल गया.
हादसे की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
घटना के बाद सड़क पर फैले अलकतरे से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत क्रेन मंगवाकर दोनों वाहनों को हटवाया. साथ ही जेसीबी की सहायता से सड़क पर बालू डलवाकर फिसलन भरे अलकतरे को साफ कराया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जल्द ही सामान्य हो सका.
थाना प्रभारी की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी से न केवल घायल चालक की जान बचाने में मदद मिली, बल्कि सड़क पर संभावित बड़े हादसे को भी टाल दिया गया. पुलिस की इस सराहनीय कार्यशैली की राहगीरों और स्थानीय लोगों ने खुलकर प्रशंसा की.
यह भी पढ़ें: रांची पुलिस की नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता, तमाड़ थाना क्षेत्र में दो ब्राउन शुगर तस्करों को किया गिरफ्तार