न्यूज़11 भारत
चतरा/डेस्क: चतरा जिले के प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर परिसर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां कीर्तन मंडली के 30 वर्षीय पुजारी स्वामी श्रीनिवास का शव उनके आश्रम में फांसी के फंदे से झूलता मिला है. इस संदेहास्पद मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और धर्म प्रेमियों में गहरा शोक व्याप्त है. घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह और अंचलाधिकारी सविता सिंह मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारा. इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक पुजारी का असली नाम अमन द्विवेदी था और वे मूल रूप से बलिया के रहने वाले थे. वे साल 2022 से भद्रकाली मंदिर में अपनी सेवाएं दे रहे थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गहन जांच शुरू कर दी है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. कीर्तन मंडली के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है.
यह भी पढ़ें- योगदा सत्संग आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वामीजी से की मुलाकात