न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में चुनाव आयोग पहुंचा और मतदान के दिन पूरे झारखंड में हुए गड़बड़ी की शिकायत दर्ज करायी. सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष पद पर रहते हुए हेदायतुल्लाह ख़ान ने जमकर बवाल काटा और कई बूथों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को मतदान नहीं करने दिया. प्रतिनिधिमंडल ने मांग किया कि जुगसलाई में दस बूथों पर चुनाव रद्द हो. जमशेदपुर में बन्ना गुप्ता, डाल्टनगंज में डब्लू सिंह और राजू तिर्की ने भी खूब बवाल किया.
रांची नगर निगम में मेयर चुनाव के बैलेट पेपर में रोशनी खलखो के चुनाव चिह्न के आगे खाली बॉक्स बनाया गया था जिससे मतदाता भ्रमित हुए और बहुतों ने खाली जगह में निशान लगा दिया. जुगसलाई में पुलिस उपाधीक्षक ने भी जुगसलाई के वार्ड तेरह मारवाड़ी धर्मशाला पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी को मतदान नहीं करने दिया. बूथ पर फॉर्म 17 सी उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे महिलाओं और पुरुषों का कितना मत बूथ पर गिरा ये पता नहीं चला. चकुलिया विधायक समीर मोहंती ने जमशेदपुर में चुनाव में खूब पैसे बांटने का आरोप लगा लगाया. प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से आग्रह किया कि सब दोषियों पर कार्रवाई हो.
झामूमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करायी गई और मांग किया कि तत्काल भट्टाचार्य के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज हो. सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि साइलेंस पीरियड में प्रत्याशी या समर्थक घर घर जाकर अपने पक्ष में मतदान हेतु अपील कर सकते हैं. इसके अलावा किसी माध्यम से प्रत्याशी या समर्थक अपने पक्ष में मतदान हेतु अपील नहीं कर सकते है. साइलेंस पीरियड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भट्टाचार्य ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है और सीधे राज्य निर्वाचन आयोग को चुनौती दी है. प्रतिनिधिमण्डल ने मांग किया है कि तत्काल भट्टाचार्य के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी हो. इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के समक्ष यह भी प्रश्न उठा दिया कि बाबूलाल मरांडी के जिस तथा पैसा बाँटने का झूठा आरोप जो भट्टाचार्य ने लगाये हैं वो तथ्यहीन है. कोई सबूत नहीं फिर भी झूठा आरोप लगाया गया और मरांडी पर जो आरोप लगाए गए हैं वो चुनाव को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं .