संतोष मेहता/न्यूज़ 11 भारत
सिल्ली/डेस्क: थाना क्षेत्र के पतराहातु मे दो अज्ञात अपराधियों ने 7 जनवरी 2026 को चाऊमीन दुकानदार हराधन महतो को गोली मार दी थी इस जानलेवा हमले के मामले का सिल्ली पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है. अपराधकर्मियों द्वारा हराधन महतो को गोली मारकर दोनों अज्ञात अपराधकर्मी मोटर साईकिल से कारेवाडीह के रास्ते घटना को अंजाम देकर फरार हो गये. इस संबंध में सिल्ली थाना में सनहा दर्ज कर सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु काण्ड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय, राँची के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक, सिल्ली के नेतृत्व में सिल्ली थाना की एक छापामारी दल का गठन किया गया. सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के क्रम में सिल्ली थाना प्रभारी, अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
जख्मी हराधन महतो के बयान देने में असमर्थ रहने के कारण हराधन महतो की पत्नी गंगा देवी की फर्दबयान के आधार पर सिल्ली थाना काण्ड सं0-02/26, दिनांक- दिनांक-09/01/26, धारा-118 (2)/109(1)/3 (5) बी0एन0एस० एवं 26/27/35 आर्म्स एक्ट दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया. अनुसंधान के क्रम में कंचन महतो, उम्र-करीब 25 वर्ष, पिता-अमर महतो, ग्राम-पतराहातु, कुम्हार टोला, थाना-सिल्ली, जिला-राँची एवं जख्मी हराधन महतो की पत्नी गंगा देवी के बीच करीब पाँच वर्षों से प्रेम-प्रसंग की बात प्रकाश में आयी. अनुसंधान के क्रम में जब कंचन महतो से पूछ-ताछ की गयी तो उन्होने अपने अपराध स्वीकारोक्ति ब्यान में अपना अपराध स्वीकार किया जिसमें जख्मी हराधन महतो की पत्नी गंगा देवी की भी संलिप्तता प्रकाश में आयी एवं घटना में संलिप्त अपराधकर्मी सुनील चन्द्र महतो पिता- गोन्दल महतो, ग्राम जोगाईसिबु, टोला-नीमडीह, पो०-बाबुरामडीह, थाना-तमाड़, जिला-राँची के निशानदेही पर देशी कट्टा 01 एवं जिन्दा कारतूस-01 बरामद किया गया. कंचन महतो ने तमाड़ के रहने वाले सुनील चन्द्र महतो एवं तारकेश्वर महतो से मिलकर हराधन महतो को जान से मारने के एवज में चार लाख रुपये में डील फाईनल की थी. घटना से पूर्व भी अपराधकर्मियों द्वारा रैकी कर हराधन महतो को मारने का प्रयास किया था परन्तु सफल नहीं हो सका था. घटना के दिन दिनांक-07/01/26 को जख्मी हराधन महतो की पत्नी गंगा देवी ने ही हराधन महतो की रेकी की सूचना घटना में संलिप्त अन्य अपराधकर्मियों को दी थी. अनुसंधान के क्रम में चार अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया तथा अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है.
गिरफ्तार व्यक्ति का नामः-
(1) गंगा देवी, उम्र-करीब 33 वर्ष, पति- हराधन महतो, ग्राम पतराहातु सतिया टोला, थाना- सिल्ली, जिला- रांची.
(2) कंचन महतो, उम्र-करीब 25 वर्ष, पिता-अमर महतो, ग्राम-पतराहातु, कुम्हार टोला, थाना-सिल्ली, जिला-राँची.
(3) सुनील चन्द्र महतो, उम्र करीब 31 वर्ष, पिता-गोन्दल महतो, ग्राम जोगाईसिबु, टोला-नीमडीह, पो०-बाबुरामडीह, थाना-तमाड, जिला-राँची.
(4) तारकेश्वर महतो उर्फ सोनू, उम्र-25 वर्ष, पिता-स्व० विक्रम महतो, ग्राम- जोगाईसिबु, टोला-नीनडीह, पो० बाबुरामडीह, थाना-तमाड़, जिला-राँची.