प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: प्रखंड के कुसुम्बाहा गांव स्थित सरना खेल मैदान में ग्रामीण विकास युवा क्लब एवं एसटी ब्रदर्स कुसुम्बाहा समिति के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय डे-नाइट हॉकी टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिसई विधायक जिग्गा सुसारण होरो शामिल हुए.
इस टूर्नामेंट में कैश मनी प्राइज के लिए कुल 32 टीमों तथा खस्सी प्राइज के लिए 64 टीमों ने हिस्सा लिया.कैश मनी प्राइज का फाइनल मुकाबला जय झारखंड डांडटोली सिसई और झारखंड स्टार क्लब साईंदा के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में जय झारखंड डांडटोली सिसई की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया.विजेता टीम को 20 हजार रुपये नकद तथा उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया.वहीं खस्सी प्राइज का फाइनल मुकाबला भी जय झारखंड डांडटोली सिसई और सूपा महुआटोली के बीच हुआ.
निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट में जय झारखंड डांडटोली सिसई ने 3-2 से जीत हासिल की.विजेता टीम को विशाल खस्सी और उपविजेता टीम को बड़ा खस्सी पुरस्कार स्वरूप दिया गया.फाइनल मुकाबले से पहले विधायक जिग्गा सुसारण होरो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा बॉल किक कर मैच का शुभारंभ किया.इस दौरान उन्होंने कहा कि हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है.ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन कर स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों का भविष्य निखारने का प्रयास सराहनीय है.
खेल के माध्यम से युवा अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं.उन्होंने युवाओं से नशापान से दूर रहने की अपील भी की.टूर्नामेंट को सफल बनाने में जयपाल कुजूर,बिष्णु उरांव,सुमित उरांव,मंदीप महली, मानुएल कुजूर,बांदे उरांव, पितरूस कुजूर,समला उरांव,सुले उरांव समेत समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.इस मौके पर विधायक के निजी सहायक अभिषेक लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश उरांव,जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष जॉनसन बड़ा,भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह,सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार, अनिल उरांव,राजेंद्र उरांव,पंचायत समिति सदस्य पिंकी देवी,मंजू देवी,ग्राम प्रधान सुलेंद्र उरांव,सत्यनाथ महली सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: सीबीआई जांच के बिना सच सामने नहीं आएगा, सरकार ने अब तक जितने निर्णय लिए छात्र आंदोलन के दबाव में लिए