संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त (डीसी) दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने एक साथ जेल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल के अंदर की व्यवस्थाओं को देखा और सुरक्षा को लेकर कई जरूरी निर्देश दिए.
गेट खुलने के समय और सुरक्षा की हुई जांच
डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बताया कि इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह जांचना था कि जेल प्रशासन का रिस्पांस टाइम कितना है. अधिकारी यह देखना चाहते थे कि औचक दौरे के समय कितनी देर में जेल का गेट खुलता है और सुरक्षा व्यवस्था किस तरह काम करती है. उन्होंने बताया कि यह एक सामान्य निरीक्षण था जिसके तहत जेल के अंदर की गतिविधियों को परखा गया.
सीसीटीवी सर्वर रूम को लेकर दिए गए आदेश
निरीक्षण के दौरान जेल के कुछ सैल (वार्डों) की चेकिंग की. इसके बाद वे सीसीटीवी और सर्वर रूम पहुंचे. डीसी ने बताया कि यहाँ सुरक्षा और निगरानी के लिए तीन एजेंसियां काम करती थीं, जिनमें से दो का कार्यकाल खत्म हो चुका है. इस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डीसी ने एक विस्तृत प्रोसीडिंग्स (रिपोर्ट) तैयार करने का आदेश दिया है.
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने जेल प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था को हमेशा अलर्ट रखने और सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें: सरायकेला जिला समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में शहरी व ग्रामीण जन की सुनी गयीं समस्याएं