रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा में मंगलवार को दिनदहाड़े शातिर ठगों ने सदर थाना के व्यवसाई दीपक कुमार साव से 1.65 लाख रुपये उड़ा दिए. घटना सदर बाजार के जैन चौक के पास हुई.
जानकारी के अनुसार गांधी टोला निवासी व्यवसाई दीपक कुमार साव बैंक ऑफ इंडिया से रुपये निकालकर बैग मोटरसाइकिल के हैंडल में टांग कर जा रहे थे. इसी दौरान गिरोह के एक सदस्य ने "आपका पैसा गिर गया" कहकर उनका ध्यान भटकाया. मौका पाते ही दूसरा बदमाश होंडा शाइन बाइक से बैग लेकर फरार हो गया.पुलिस के मुताबिक बैंक के अंदर सूट-बूट में एक सदस्य ग्राहक बनकर पहले से नजर रख रहा था, जबकि अन्य बाहर निगरानी कर रहे थे. सूचना पर थाना प्रभारी हीराल महतो मौके पर पहुंचे. बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
एसडीपीओ बहामन टुटी ने बताया कि एसआई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फुटेज के आधार पर पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें: चाईबासा में हेलमेट जांच के दौरान युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, DTO और पुलिस की सतर्कता ने बड़ा हादसा टाला