न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद के हीरापुर हरि मंदिर रोड स्थित SBI एटीएम में कार्ड फंसने के बाद मदद के नाम पर एक व्यक्ति से 45 हजार 700 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि ठग ने खुद को बैंक से जुड़ा बताकर पीड़ित को बरगलाया और बाद में उसके खाते से पैसे निकाल लिए. पीड़ित ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है.
हरिओम टावर बिल्डिंग निवासी रामपद कुमार के साथ यह साइबर ठगी की घटना हुई है. रामपद कुमार के अनुसार, वह हीरापुर हरि मंदिर रोड स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे. इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. काफी कोशिश के बाद भी कार्ड बाहर नहीं निकला. इसी बीच पीछे से एक व्यक्ति एटीएम रूम में पहुंचा और मदद करने के बहाने उन्हें एक मोबाइल नंबर दिया. आरोपी ने बताया कि यह चिरागोड़ा एसबीआई बैंक का नंबर है और वहां फोन करने पर कार्ड निकालने में मदद मिल जाएगी.
इसके बाद रामपद कुमार ने उस नंबर पर संपर्क किया. फोन पर मौजूद व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और उन्हें बैंक आने के लिए कहा. जब पीड़ित बैंक पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि उनके साथ ठगी हो चुकी है.
पीड़ित के मुताबिक, उनके खाते से 10-10 हजार रुपये करके चार बार में कुल 40 हजार रुपये निकाल लिए गए. इसके अलावा उनके कार्ड से 5 हजार 700 रुपये की शॉपिंग भी की गई. इस तरह कुल 45 हजार 700 रुपये की राशि उनके खाते से चली गई. घटना के बाद रामपद कुमार ने तत्काल अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पीड़ित का कहना है कि घबराहट और जल्दबाजी में आरोपी की बातों पर भरोसा करना उन्हें भारी पड़ गया. उन्होंने बताया कि एटीएम में सुरक्षा के लिए कोई गार्ड मौजूद नहीं था और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी नजर नहीं आई, जिससे आरोपी की पहचान करने में परेशानी हो सकती है.
रामपद कुमार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और एटीएम में सुरक्षा गार्ड एवं सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: ज्वेलर्स दुकान में बड़ी चोरी, 3 लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर