वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: बरही अनुमंडल के सामने स्थित तालाब में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बरसोत गांव निवासी 50 वर्षीय प्रभु ठाकुर के रूप में हुई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि प्रभु ठाकुर अनुमंडल परिसर के पास एक छोटा सा होटल चलाते थे.
आज रविवार सुबह तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया.
मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई साजिश है, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा.
घटनास्थल पर झामुमो नेता विनोद विश्वकर्मा, बरसोत पंचायत के मुखिया मोतीलाल चौधरी और पूर्व मुखिया विष्णुधारी महतो भी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: ज्वेलर्स दुकान में बड़ी चोरी, 3 लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर