सागर कुमार/न्यूज11 भारत
भुरकुंडा/डेस्क: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने पतरातू क्षेत्र की 222.29 एकड़ भूमि को जियाडा (JIADA) को हस्तांतरित किए जाने के मुद्दे पर झारखंड सरकार को घेरा. शून्यकाल के दौरान विधायक ने हेसला, जनता नगर, उचरिंग और कटिया पंचायत के हजारों परिवारों के भविष्य पर मंडरा रहे खतरे को प्रमुखता से उठाया. विधायक रोशन लाल चौधरी ने सदन को बड़े मजबूती के साथ बताया कि पीटीपीएस द्वारा जियाडा को भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया से लगभग 2000 परिवार बेघर हो जाएंगे और 400 छोटे दुकानदारों का रोजगार छिन जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस क्षेत्र में पंचायत भवन, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र जैसी सरकारी संरचनाएं पहले से मौजूद हैं. जो इसके पूर्ण रूप से आबाद होने का प्रमाण हैं.
विधायक रोशन लाल चौधरी ने सरकार से स्पष्ट मांग किया कि जब तक समुचित पुनर्वास की व्यवस्था न हो, हस्तांतरण प्रक्रिया स्थगित रहे. विकास के नाम पर वर्षों से बसे लोगों के आशियाने न उजाड़े जाएं. प्रभावितों के लिए वैकल्पिक आवास और रोजगार सुनिश्चित किया जाए.
यह भी पढ़ें: फागुन में ही सूख रहे बानो के मांझी टोली वासियों के हलक, पानी के लिए त्राहिमाम कर रहे ग्रामीण