न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: आईआईएम रांची में आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इंडियन सिनेमा के सांस्कृतिक आयोजन के दौरान सुरों की एक मनमोहक महफ़िल सजी. यह कार्यक्रम SPIC MACAY संस्थान के सहयोग से आयोजित किया गया. कार्यक्रम में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के सुप्रसिद्ध कलाकार एवं युवा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित ओंकार श्रीकांत दादरकर ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत राग कल्याण से की. जैसे-जैसे उनकी प्रस्तुति आगे बढ़ती गई, सुरों की मिठास, ताल और लय के संगम ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया.
तबले पर जॉयंतो सरकार ने सधे हुए अंदाज़ में संगत की. उनकी और ओंकार के बीच हुई जुगलबंदी ने कार्यक्रम में लय और ठहराव की अद्भुत छटा बिखेरी. वहीं हारमोनियम पर गौरव चटर्जी ने राग की आत्मा को सशक्त रूप से थामे रखा. इस सुरमयी संध्या में कलाकारों ने राग कल्याण तथा द्रुत तीनताल में शुद्ध कल्याण की प्रस्तुति से संगीत का अनुपम कारवां आगे बढ़ाया. पूरा वातावरण शास्त्रीय संगीत की मधुरता से सराबोर हो उठा.