न्यूज़11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की साजिश रच रहे अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य मार्ग के पास आसपास छापेमारी की, जहां संदिग्ध गतिविधि में शामिल तीन युवकों को पहले पकड़ा गया. पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हुआ. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राह चलते लोगों को हथियार के बल पर लूटने और गंभीर नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे थे. इनके पास से एक देशी पिस्टल, 13 जिंदा गोलियां, तीन मोबाइल फोन और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बड़कागांव क्षेत्र में पूर्व में हुई ज्वेलरी दुकान लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उन्होंने बताया कि घटना की रेकी कर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया था. इस मामले में पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें लूट की योजना बनाने वाले, सहयोगी और वाहन उपलब्ध कराने वाले शामिल हैं. सभी के खिलाफ बड़कागांव थाना कांड संख्या 54/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और लूट के गहनों को अन्य राज्यों में बेचने की बात की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- राजधानी रांची के कई इलाकों में कल बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति, देखें पूरी डिटेल्स