भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: राज्य में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर निकाली गई ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ गुरुवार को गांडेय पहुंची. यात्रा के दौरान महोदामोड़ और बुधुडीह में नुक्कड़ सभा आयोजित कर युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में सुधार के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया.
सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं ने जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं व खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर सरकार और परीक्षा एजेंसियों पर निशाना साधा. वक्ताओं ने कहा कि यात्रा 24 अगस्त को झारखंड के नेमरा से शुरू हुई है, जो राज्य के सभी 24 जिलों और विभिन्न कस्बों तक पहुंचेगी. इसका उद्देश्य युवाओं व आम लोगों को जागरूक करना तथा भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए आंदोलन को मजबूत करना है.
छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी से मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में अविलंब सुधार और पूरी तरह पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की.
मौके पर छात्र नेता मनोज यादव, देवेंद्रनाथ महतो समेत दर्जनों युवा और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: रेलवे अंडरपास के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम