गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: मानुषमुड़िया सरस्वती शिशु विद्या मंदिर प्रबंधक समिति के सचिव सह समाजसेवी रासु भुइंया ने शनिवार को झारखंड अधिविध परिषद के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा से मुलाकात कर विद्यालय की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की.
इस दौरान उन्होंने माध्यमिक (मैट्रिक) एवं उच्च माध्यमिक (इंटरमीडिएट) विद्यार्थियों के नाम सुधार (Correction) से जुड़ी गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया. रासु भुइंया ने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा नाम सुधार के लिए आवेदन दिए जाने के एक वर्ष बाद भी झारखंड अधिविध परिषद की ओर से सुधार नहीं किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि नाम में त्रुटि रहने के कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में नामांकन, नौकरी के आवेदन तथा सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन के समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इससे विद्यार्थियों के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
रासु भुइंया ने परिषद अध्यक्ष से आग्रह किया कि विद्यार्थियों की समस्याओं और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए नाम सुधार की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि छात्रों को अनावश्यक कठिनाइयों से राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें: गढ़वा जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन