न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची में अक्षय तृतीया को लेकर उत्साह जोरों पर है. पूरे देश में कल यानि 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया मनाया जाएगा. अक्षय तृतीया को लेकर रांची के ज्वेलरी बाजार पूरी तरह से तैयार है. वहीं कल ज्वेलरी शॉप पर होने वाली अधिक भीड़ से बचने के लिए लोग आज ही अपने पसंदीदा ज्वेलरी की एडवांस बुकिंग कराने के लिए मार्केट में पहुंच गए हैं. जैसा की हम सभी जान रहे हैं कि देश में काफी तेजी से सोने और चांदी के कीमत में उछाल देखने को मिल रही है. ऐसे में दुकानदारों ने अपने ग्राहकों के लिए गोल्ड रेट प्रोटेक्शन का भी ऑफर रखा है. इस ऑफर के माध्यम से ग्राहक आज यदि बुकिंग करा लेते हैं तो, आने वाले दिन में यदि सोने की रेट में और भी अधिक उछाल क्यों ना आ जाए उन्हें आज के रेट से ही सोना मिलेगा. इसे लोग काफी पसंद भी कर रहे हैं. खास मौके को भुनाने के लिए दुकानदारों ने विशेष तैयारियां की हैं. ज्वेलरी बाजार में ऑफरों की बारिश शुरू हो चुकी है.
वहीं इस बार अक्षय तृतीया पर बाजारों में लाइटवेट कलेक्शन पर भी जोर दिया गया है. ब्रांडेड कंपनियों से लेकर सामान्य सोने के दुकानदारों ने भी इस कलेक्शन को अपने दुकान में मंगवाए हैं. आपकी जानकारी के लिए बता दें, इस बार बाजार में कई ऐसे आभूषण हैं जो देखने में काफी भारी और भड़कीले हैं मगर उसका वजन काफी हल्का है. वहीं बड़ी दुकानों में नए-नए कलेक्शन के साथ-साथ खास ऑफर भी दिए जा रहे हैं. दुकानदार ग्राहकों को लुभाने के लिए एक से बढ़ कर एक शानदार ऑफर दे रहें हैं.
यह भी पढ़ें: मासूम की मुस्कान के लिए 15 करोड़, हेमंत सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ