न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को इनकम टैक्स विभाग का वरिष्ठ अधिकारी बताकर कुछ लोगों पर एक कारोबारी को धमकाने और रंगदारी मांगने का आरोप लगा है. घटना लालजी हिरजी रोड स्थित श्रीराम कॉम्प्लेक्स के स्पोर्ट्स जंक्शन इंटरप्राइजेज शोरूम की बताई जा रही है. पीड़ित कारोबारी और पूर्व सैनिक नरेश प्रसाद मेहता ने कोतवाली थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग हथियारबंद सुरक्षाकर्मी के साथ उनकी दुकान में घुसे और खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताते हुए दबाव बनाने लगे. आरोपियों में से एक ने अपना नाम आरके गर्ग बताते हुए खुद को इनकम टैक्स कमिश्नर कहा.
फर्जी आयकर मामलों में फंसाने की धमकी
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मेहता को फर्जी आयकर मामलों में फंसाने, दुकान बंद करवाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने अपने प्रभाव का हवाला देते हुए कहा कि एसपी, एसएसपी और डीसी भी कुछ नहीं कर पाएंगे. नरेश प्रसाद मेहता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के कुछ देर बाद उनके बेटे सर्वेश बागला के मोबाइल फोन पर भी कॉल किया गया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को असिस्टेंट कमिश्नर बताते हुए मामले को सेटल करने का दबाव बनाया और इनकार करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी. इस मामले में मित्तल भंडार के संचालक राहुल अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
यह भी पढ़ें- मतदाता 23 मई से अपने मतदान केंद्र पर अन मैप्ड वोटर लिस्ट में अपना नाम अवश्य जांचें: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी