रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
जगन्नाथपुर/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड के बुड़ाकमान गांव में देर रात जंगली हाथी का आतंक देखने को मिला. हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गयी. मृतक की पहचान चंद्र मोहन सिंकु के रूप में हुई है.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात गांव में हाथी घुसने की सूचना पर ग्रामीण शोर मचाकर उसे भगाने लगे. इसी दौरान चंद्र मोहन अपने घर से हाथी देखने बाहर निकले थे, तभी अचानक दंतैल हाथी सामने आ गया और पैरों से कुचल कर चंद्र मोहन को घायल कर दिया. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगन्नाथपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं. जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने पर भी चाईबासा रेंजर और अन्य अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया. हालांकि तत्काल सहायता के रूप में वन विभाग के अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजे के रूप में 1 लाख रुपए दिए हैं.
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस कार्यालय घेराव: भवन के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा, प्रशासन अलर्ट