न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) परिसर में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है. छात्र अपनी विभिन्न जायज़ एवं लंबे समय से उठाई जा रही मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं. छात्रों द्वारा पूर्व में डीएसडब्ल्यू (DSW) कार्यालय को अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन एवं शर्तें प्रस्तुत की गई थीं. छात्रों का कहना है कि इन मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस समाधान की अपेक्षा थी, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों की प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं जताई गई. इसके कारण छात्रों में असंतोष बना हुआ है और आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है.
छात्रों का स्पष्ट कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों, सुविधाओं और न्यायसंगत मांगों के लिए आवाज़ उठाना है. छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा वार्ता के माध्यम से सभी मांगों का उचित एवं स्थायी समाधान निकाला जाए. छात्रों ने यह भी स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस, लिखित एवं संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक विश्वविद्यालय परिसर में उनका लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा. छात्र समुदाय ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील की है कि स्थिति को और लंबा खींचने के बजाय छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल संवाद स्थापित कर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल की जाए.
यह भी पढ़ें- झारखंड के सभी सरकारी अस्पताल होंगे डिजिटल, रॉडिक कंपनी के साथ सीसीटीवी और डैशबोर्ड संबंधित एक MoU किया गया