प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: प्रखंड मुख्यालय के स्कूल चौक के समीप एनएच पर बेतरतीब तरीके से ऑटो खड़ा कर सवारी का इंतजार करने वाले चालकों के खिलाफ बुधवार को भरनो पुलिस ने कार्रवाई की.ग्रामीणों की शिकायत पर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस जवानों को मौके पर भेजा और एनएच पर खड़े सभी ऑटो को वहां से हटवाया.साथ ही ऑटो चालकों को भविष्य में राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई.
बताया जाता है कि स्कूल चौक के समीप ओवरब्रिज समाप्त होने के बाद ऑटो चालक अपने ऑटो को एनएच के किनारे खड़ा कर घंटों सवारी का इंतजार करते हैं.कई चालक ऑटो खड़ा करने के बाद वहां से चले जाते हैं और काफी देर तक वापस नहीं लौटते.इसके कारण सड़क के इस हिस्से में वाहनों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न होती है.स्कूल चौक के कट से मुख्यालय चौक की ओर जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों को ऑटो के कारण एनएच के बीच से होकर गुजरना पड़ता है.इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आने वाले वाहनों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है.खासकर ओवरब्रिज से उतरने वाले वाहन तेज गति में होते हैं,जिससे सड़क के बीच में आने वाले वाहनों के लिए स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है.
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ऑटो चालकों को कई बार एनएच पर वाहन खड़ा नहीं करने के लिए समझाया गया,लेकिन इसके बावजूद चालक मनमाने तरीके से सड़क पर ऑटो खड़ा करते रहे. इससे कभी भी गंभीर सड़क दुर्घटना हो सकती थी.बुधवार को ग्रामीणों ने मामले की जानकारी भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार को दी.सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस बल को मौके पर भेजा.पुलिस ने एनएच पर खड़े ऑटो को वहां से हटवाया और चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवारी के इंतजार में ऑटो खड़ा न करें.
पुलिस की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल चौक और ओवरब्रिज के आसपास यातायात व्यवस्था को लेकर नियमित निगरानी रखी जाए,ताकि सड़क पर दोबारा इस तरह ऑटो खड़ा न हो और किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके.
यह भी पढ़ें: उपायुक्त की अध्यक्षता में कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित समीक्षा बैठक संपन्न