न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: ओडिशा पुलिस ने धनबाद पुलिस के सहयोग से बड़बिल में 19 जनवरी को हुई बैंक डकैती के दो आरोपियों को धर दबोचा. साथ ही लूटी गई 288 ग्राम सोना और घटना में उपयोग में लाए गये दो स्कार्पियो को भी जब्त किया. धनबाद पुलिस मुख्यालय में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ओडिशा के क्योंझर एएसपी प्रत्युष मोहपात्रा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बड़बिल में हुई बैंक डकैती का कनेक्शन धनबाद से जुड़ने का सुराग मिलने के बाद दोनों पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह उपलब्धि मिली.
उन्होंने बताया कि 19 जनवरी को बड़बिल बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैतों ने पांच करोड़ का सोना लूट लिया था. जांच में बड़बिल पुलिस ने सुराग मिलने पर धनबाद पुलिस के सहयोग से चासनाला और निरसा में छापा मारा. पुलिस ने पाथरडीह थाना के चासनाला में लूट में शामिल स्कार्पियो के साथ राजा कुमार सिंह को पकड़ा, जबकि राजा के बयान पर निरसा के पांडरा में लूटे गए सोना को खरीदने वाले कुणाल राज वर्मा को धर दबोचा गया. रिसीवर कुणाल के पास से पुलिस ने लगभग 288 ग्राम सोना बरामद किया. इस डकैती में उपयोग में लाया गया दो स्कार्पियो को भी जब्त किया गया.
यह भी पढ़े: IBPS RRB Clerk Prelims 2025 का रिजल्ट जारी, अब 1 फरवरी को होगी मेंस परीक्षा