संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता के माध्यम से आमजन को भीषण गर्मी और लू से सुरक्षित रहने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं. उन्होंने बताया कि मौजूदा मौसम में बढ़ते तापमान के कारण स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा हो रही हैं, जो कभी-कभी जानलेवा भी हो सकती हैं.
डॉ. श्रीवास्तव ने जोर देते हुए कहा कि लू से बचने का सबसे प्रभावी तरीका शरीर को हाइड्रेटेड रखना है, इसलिए प्रचुर मात्रा में पानी पिएं. उन्होंने सलाह दी कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बेहद जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें और कभी भी खाली पेट धूप में न जाएं. यदि बाहर रहते हुए चक्कर आए या बेचैनी महसूस हो, तो तुरंत किसी छायादार या ठंडे स्थान पर विश्राम करें. शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए गीले सूती कपड़े से बदन पोंछना भी एक बेहतर उपाय है.
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने घरेलू उपचारों के महत्व पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि घर में बना ओआरएस घोल, छाछ, दही, सत्तू का शरबत और अन्य तरल पदार्थों का लगातार सेवन करते रहना चाहिए. साथ ही, दोपहर के समय भारी शारीरिक व्यायाम या अधिक मेहनत वाले कार्यों से बचने की आवश्यकता है.
सिविल सर्जन ने चेतावनी दी कि यदि हीट स्ट्रोक के कारण याददाश्त प्रभावित होने लगे या मानसिक भ्रम की स्थिति पैदा हो, तो इसे हल्के में न लें. उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं, जहाँ लोग जरूरत पड़ने पर तुरंत अपनी जांच और इलाज करा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: शहर का ट्रैफिक सबसे बड़ी चुनौती, दोनों नए प्रशासनिक पदाधिकारियों से मिलकर निकालूंगी निदान - महापौर