न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू पुलिस प्रशासन द्वारा एक भव्य स्वागत सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया, इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान नए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी और नए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, वहीं निवर्तमान पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन और पूर्व उपायुक्त समीरा एस को ससम्मान विदाई दी गई. समारोह में विभिन्न अनुमंडलों के एसडीपीओ सहित जिले के सभी थानों के प्रभारी और पुलिस कर्मी उपस्थित रहे, जिन्होंने अधिकारियों को बुके, शॉल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया.
विदाई का दृश्य अत्यंत भावुक रहा, विशेषकर पूर्व एसपी रिष्मा रमेशन की विदाई के लिए वाहन को दुल्हन की तरह सजाया गया था. जैसे किसी बेटी को शादी के बाद विदाई दी जाती हैं वैसे ही पूर्व एसपी रिष्मा रमेशन की विदाई दी गई साथ साथ पुलिस प्रशासन ने उन्हें प्रशंसा पत्र प्रदान किया और पूरे सम्मान के साथ विदा किया. इस मौके पर रिष्मा रमेशन ने पलामू को अपना पहला स्वतंत्र जिला बताते हुए अपने अनुभव साझा किए और अपनी सफलता का पूरा श्रेय टीमवर्क को दिया.
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि एक कुशल टीम के बिना कोई भी नेतृत्व सफल नहीं हो सकता और साथ ही उन्होंने कार्यकाल के दौरान हुई किसी भी अनजानी त्रुटि के लिए क्षमा मांगते हुए सभी का आभार व्यक्त किया. नए अधिकारियों ने भी जिले के विकास और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के अपने संकल्प को दोहराया.
यह भी पढ़ें: शुभम हत्याकांड की ख़बर प्रसारित होने पर भड़के सांसद के समर्थक, अरूप चटर्जी ने की NIA जांच की मांग