न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अभिषेक, पटना) बिहार की उद्यमी महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा चुकी महिलाओं के लिए दूसरी किस्त का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने पात्र लाभार्थियों के खाते में सीधे 20 हजार रुपये भेजने की तैयारी पूरी कर ली है। बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) ने इस संबंध में सभी जिलों को सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
20 अप्रैल तक दस्तावेज जमा करने का आखिरी मौका
योजना का लाभ लेने के लिए समय सीमा बेहद करीब है। सक्षम अभ्यर्थियों को 20 अप्रैल तक अपने सभी आवश्यक दस्तावेज संबंधित कार्यालय में जमा करने होंगे। जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को 'अलर्ट मोड' पर रखा गया है ताकि चयन प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि लाभुकों का ब्योरा भेजने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शर्तें पूरी करने पर ही मिलेगी दूसरी किस्त
इस योजना के तहत पहले चरण में लाभार्थियों को 10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। अब दूसरी किस्त के रूप में 20 हजार रुपये मिलने हैं, लेकिन इसके लिए कुछ महत्वपूर्ण शर्तें रखी गई हैं:
-
महिलाओं को यह साबित करना होगा कि पहली किस्त (₹10,000) का सही इस्तेमाल स्वरोजगार के लिए किया गया है।
-
कार्य की प्रगति रिपोर्ट और उपयोगिता प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।
-
केवल पात्र और सक्रिय उद्यमी महिलाओं को ही इस राशि का लाभ मिलेगा।
अधिकारियों को चयन प्रक्रिया तेज करने का निर्देश
जीविका ने सभी जिला परियोजना इकाइयों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि पात्र लाभुकों की सूची जल्द से जल्द तैयार कर मुख्यालय भेजी जाए। सरकार का उद्देश्य है कि बिना किसी देरी के पैसा सीधे महिलाओं के बैंक खातों (DBT) में ट्रांसफर किया जाए, ताकि उनके छोटे व्यवसाय को और मजबूती मिल सके।