नगर आयुक्त ने वरीय पदाधिकारियों के साथ किया औचक निरीक्षण, मॉडल कॉरिडोर विकसित कर...

मॉडल कॉरिडोर

नगर आयुक्त ने वरीय पदाधिकारियों के साथ किया औचक निरीक्षण, मॉडल कॉरिडोर विकसित करने की कार्ययोजना तैयार

चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसके लिए शीघ्र ही व्यापक स्तर पर मेगा ड्राइव चलाया जाएगा.

नगर आयुक्त ने वरीय पदाधिकारियों के साथ किया औचक निरीक्षण मॉडल कॉरिडोर विकसित करने की कार्ययोजना तैयार 

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
रांची नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज नगर आयुक्त सुशांत गौरव के नेतृत्व में निगम के वरीय पदाधिकारियों ने कांके रोड स्थित राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बायपास मार्ग होते हुए कैलाशपति मिश्र चौक तथा सिरमटोली चौक से इन्दिरा गांधी चौक, चुटिया होते हुए बहु बाजार तक विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया. उक्त मार्ग को चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसके लिए शीघ्र ही व्यापक स्तर पर मेगा ड्राइव चलाया जाएगा.

निरीक्षण की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि नगर आयुक्त एवं सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एक ही वाहन में पूरे मार्ग का भ्रमण करते हुए प्रत्येक स्थान का सूक्ष्म निरीक्षण करते रहे. इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, समस्याओं की संयुक्त पहचान करना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए एकीकृत कार्ययोजना तैयार करना था.

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था, फुटपाथों एवं पाथवे की स्थिति, सड़क सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, स्वच्छता, हरित क्षेत्र, रोड मेडियन, सार्वजनिक स्थल, होर्डिंग, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की स्थिति तथा नागरिक सुविधाओं का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया. नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि चिन्हित समस्याओं के समाधान हेतु विभागवार कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

फुटपाथ एवं पैदल यात्रियों को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
नगर आयुक्त ने कहा कि किसी भी आधुनिक शहर की पहचान उसके सुरक्षित एवं सुगम फुटपाथ होते हैं. उन्होंने निर्देश दिया कि जहां फुटपाथ उपलब्ध नहीं हैं, वहां नए पाथवे का निर्माण कराया जाए तथा जहां फुटपाथ अतिक्रमण या अन्य कारणों से बाधित हैं, उन्हें तत्काल खाली कराया जाए. उन्होंने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि फुटपाथ केवल पैदल यात्रियों के लिए हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा अवरोध स्वीकार्य नहीं होगा.

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की होगी व्यापक जांच
पूरे मॉडल कॉरिडोर में स्थित सभी दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की ट्रेड लाइसेंस जांच राजस्व शाखा द्वारा की जाएगी. बिना वैध लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही रेजिडेंशियल होल्डिंग में अवैध रूप से संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां मापी कर नोटिस निर्गत करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा.

हरित एवं आकर्षक बनेगा पूरा कॉरिडोर
नगर आयुक्त ने पूरे मार्ग को सौंदर्यपूर्ण स्वरूप देने के लिए रोड मेडियन पर आकर्षक बागवानी विकसित करने, झाड़ियों की नियमित कटाई कराने, खाली एवं अनुपयोगी दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने तथा प्रमुख टर्निंग पॉइंट्स एवं खाली स्थानों पर ग्रीन पैच डेवलपमेंट करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शहर का सौंदर्यीकरण केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हरित एवं आकर्षक वातावरण भी नागरिकों को अनुभव होना चाहिए.

फुटपाथ से हटेंगे अवैध होर्डिंग एवं बाधाएं
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मॉडल कॉरिडोर के सभी फुटपाथों से अवैध होर्डिंग, विज्ञापन सामग्री तथा पैदल यात्रियों के आवागमन में बाधा बनने वाले सभी अवरोधों को हटाया जाए. संबंधित एजेंसियों को तत्काल निर्देश जारी करने तथा अनुपालन नहीं होने पर संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए.

कैलाशपति मिश्र चौक के समीप विकसित होगा पार्क
निरीक्षण के दौरान कैलाशपति मिश्र चौक के निकट भूमि पर एक सुव्यवस्थित सार्वजनिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया. इससे स्थानीय नागरिकों को हरित एवं मनोरम सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा.

सिरमटोली से बहु बाजार तक बनेगा व्यवस्थित कॉरिडोर
नगर आयुक्त ने सिरमटोली चौक से इन्दिरा गांधी चौक, चुटिया होते हुए बहु बाजार तक सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक युक्त पाथवे विकसित करने, अनधिकृत दुकानों को हटाने, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वेंडिंग क्षेत्र विकसित करने तथा रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करते हुए मेगा प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस पूरे क्षेत्र के प्रभावी प्रबंधन हेतु विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा.

मेगा ड्राइव के माध्यम से बदलेगा शहर का स्वरूप
नगर आयुक्त ने कहा कि रांची नगर निगम इस पूरे कॉरिडोर को जाम मुक्त, अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ, हरित एवं सुव्यवस्थित मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से व्यापक स्तर पर मेगा ड्राइव चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे ताकि नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे.

उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करना केवल सौंदर्यीकरण का कार्य नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं, सुरक्षित आवागमन, सुचारु यातायात एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक दीर्घकालिक पहल है. यह अभियान भविष्य में रांची के अन्य प्रमुख मार्गों के लिए भी एक आदर्श मॉडल सिद्ध होगा. निरीक्षण के दौरान एसडीओ कुमार रजत, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक के.वी. रमण, सहायक नगर आयुक्त, नगर निवेशक, नगर प्रबंधक तथा रांची नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें- सड़क एवं खनन क्षेत्र से जुड़ी दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर DC एवं SP ने CCL प्रबंधन एवं ट्रांसपोर्टर्स के साथ की समीक्षा बैठक

 

संबंधित सामग्री

राधाकृष्ण किशोर जी... झारखंड पुलिस में DG और IG की अब कोई हैसियत ही नहीं बची है: बाबूलाल मरांडी 

झारखंड

राधाकृष्ण किशोर जी... झारखंड पुलिस में DG और IG की अब कोई हैसियत ही नहीं बची है: बाबूलाल मरांडी 

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट करते हुए कहा कि झारखंड पुलिस में DG और IG की अब कोई हैसियत ही नहीं बची है!

गणना प्रपत्र अभियान को लेकर बरवाडीह में प्रशासन सक्रिय, बीडीओ ने किया निरीक्षण,घर-घर पहुंचकर प्रपत्र भरवाने पर जोर 

झारखंड

गणना प्रपत्र अभियान को लेकर बरवाडीह में प्रशासन सक्रिय, बीडीओ ने किया निरीक्षण,घर-घर पहुंचकर प्रपत्र भरवाने पर जोर 

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बरवाडीह प्रखंड प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्य में जुट गया है.

सरायकेला जिला परिषद के जिला अभियंता एक महीने से नदारद, विकास कार्य ठप; अध्यक्ष सोना राम बोदरा ने प्रशासन पर उठाए सवाल

झारखंड

सरायकेला जिला परिषद के जिला अभियंता एक महीने से नदारद, विकास कार्य ठप; अध्यक्ष सोना राम बोदरा ने प्रशासन पर उठाए सवाल

सरायकेला-खरसावां जिला परिषद में प्रशासनिक लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है.

बहरागोड़ा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

झारखंड

बहरागोड़ा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन शनिवार शाम ओडिशा दौरे से लौटने के दौरान बहरागोड़ा पहुंचे.

एल नीनो के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए जिला आकस्मिक फसल योजना की हुई समीक्षा 

झारखंड

एल नीनो के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए जिला आकस्मिक फसल योजना की हुई समीक्षा 

कृषि एवं संबद्ध विभागों को उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश