न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले में सड़कों की सूरत बदलने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को गति देने के लिए सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, वन प्रमंडल अधिकारी सत्यम कुमार और NHAI के परियोजना निदेशक समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे.
गड्ढों को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने का कड़ा आदेश
बैठक के दौरान सांसद ने बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों को तुरंत भरने के निर्देश दिए और विशेष रूप से रेड़मा से चियांकी मार्ग के गड्ढों को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने का कड़ा आदेश दिया. इसके साथ ही पोलपोल बाईपास, मेदिनीनगर बाईपास और छतरपुर बाईपास जैसी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया.
किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी: सांसद
पड़वा री-एलाइनमेंट मामले में मुआवजा मिलने के बाद भी घर खाली न करने की समस्या पर NHAI को प्रभावित लोगों से वार्ता कर आपसी सहमति से जल्द समाधान निकालने को कहा गया. उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि वन स्वीकृति, अतिक्रमण और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी रुकावटों को दूर करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर है, ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके. पलामू सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़कों का बेहतर होना आम और खास सभी नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
यह भी पढ़ें- सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर रांची स्मार्ट सिटी परिसर के जुपमी भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन