संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
चांडिल/डेस्क: चांडिल के तिरुलडीह थाना क्षेत्र के पांडरा गांव में सोमवार दोपहर हुए वज्रपात की हृदयविदारक घटना के बाद मंगलवार को आजसू नेता सह समाजसेवी हरेलाल महतो पांडरा गांव पहुंचे. उन्होंने वज्रपात की चपेट में आकर जान गंवाने वाली दोनों महिलाओं के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
मंगलवार को दोनों मृतक महिलाओं के शव गांव पहुंचते ही पूरे पांडरा में मातम छा गया. परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया. इसी बीच हरेलाल महतो पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे और उनके दुख में सहभागी बने. उन्होंने मृतका मुक्ता महतो और सोनामनी महतो के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की.
इस दौरान हरेलाल महतो ने कहा कि वज्रपात की इस घटना से वह बेहद दुखी हैं. गांव की दो महिलाओं की असमय मौत अत्यंत पीड़ादायक है, जबकि तीन अन्य महिलाओं का घायल होना भी चिंता का विषय है. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
इसके बाद हरेलाल महतो ने वज्रपात में घायल हुई महिलाओं के परिजनों से भी मुलाकात की. उन्होंने अस्पताल में इलाजरत घायलों की स्थिति की जानकारी ली तथा उनके बेहतर इलाज के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
हरेलाल महतो ने मृतकों और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार इस संकट की घड़ी में खुद को अकेला न समझें. जरूरत पड़ने पर आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा.
हरेलाल महतो के गांव पहुंचने और पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने से ग्रामीणों को भी संबल मिला. ग्रामीणों ने इस दुख की घड़ी में परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें सहारा देने के लिए उनका आभार जताया. इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो, बबलू महतो, बुधेश्वर महतो, बाजीनाथ महतो, मेघनाथ महतो आदि उपस्थित थे.