न्यूज11 भारत
मनोहरपुर/डेस्क: मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा सभागार में सोमवार को मनरेगा कर्मियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शक्ति कुंज ने की. बैठक में मनरेगा के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे बिरसा सिंचाई कूप, बिरसा हरित आम बागवानी योजना, अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की गई. बीडीओ ने सभी रोजगार सेवकों से योजनावार जानकारी ली तथा कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. बैठक से पूर्व मनरेगा कर्मी तीन माह से जारी अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर पुनः कार्य पर लौट आए.
इस दौरान उन्होंने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया.
रोजगार सेवक दिनेश महतो ने बताया कि हड़ताल समाप्त करने का मुख्य कारण सरकार द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन है. उन्होंने कहा कि 10 वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत मनरेगा कर्मियों को ग्रेड पे देने, सेवाकाल के दौरान दिवंगत मनरेगा कर्मियों के आश्रितों को जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता देने तथा मनरेगा कर्मियों को मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ प्रदान करने की मांग की गई है. बैठक में जेई सुनील किसान, मकरध्वज नायक, पंचायत सचिव अमृता बाड़ा, रोजगार सेवक आबिद हेंब्रम, अवधेश यादव सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें- तकनीकी योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश, गुणवत्ता से समझौता करने वाले अभियंताओं पर गिरेगी गाज