न्यूज़11 भारत
देवघर/डेस्क: सावन के पावन अवसर पर आज चौथी और अंतिम सोमवारी को लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम और पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. कांवरियों की सुरक्षा, सुलभ जलार्पण और कतार प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. इसी क्रम में आज उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया. दोनों वरीय अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों और वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रूट लाइनिंग की लाइव निगरानी की.

संवेदनशील पॉइंट पर कड़ी नजर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त रूट लाइनिंग के विभिन्न कतार बिंदुओं और मंदिर परिसर के आंतरिक व बाहरी क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया. साथ ही क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए इस बात की समीक्षा की कि श्रद्धालुओं की कतार निरंतर गतिमान रहे ताकि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ जमा न हो. आगे उपायुक्त ने IMCR और मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों और तकनीकी टीम को निर्देश दिया कि वे मेला क्षेत्र के हर संवेदनशील पॉइंट पर कड़ी नजर रखें. यदि कहीं भी कतार धीमी होती है या भीड़ बढ़ती है, तो तुरंत इसकी सूचना ऑन-ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके.
इसे भी पढ़ें: गवर्निंग काउंसिल के 9 पदों के लिए परिणाम आया सामने, 9 में से 7 पदों पर महिला प्रत्याशियों का कब्जा