रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पिछले दो-तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण सोनुवा प्रखंड के डाऊ-सकोड़ा मार्ग पर बड़ा लैंडस्लाइड हो गया है. पहाड़ की मिट्टी भर-भराकर सड़क पर आ गिर गयी है, जिससे आवागमन भी पूरी तरह ठप हो गया है. पिछले दो दिनों से रास्ता पूरी तरह बंद पड़ा है.
डाऊ-सकोड़ा मार्ग अभी निर्माणाधीन है. सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों तरफ की पहाड़ी को मशीनों से काटा गया था. बारिश का पानी जमा होने और मिट्टी के ढीले होने से पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा खिसककर सड़क पर आ गया. नतीजतन पिछले दो दिनों से यह रास्ता पूरी तरह बंद पड़ा है. सड़क के दोनों ओर मलबा जमा हो जाने से वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
सड़क बंद होने से डाऊ, सकोड़ा और आसपास के गांवों के लोगों को लोढ़ाई और सोनुवा बाजार आने-जाने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. रोजमर्रा की जरूरत का सामान लाना और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गयी है.सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ा है. लोढ़ाई स्कूल जाने वाले इस क्षेत्र के अधिकांश छात्र पिछले दो दिनों से स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं.
बारिश के कारण सफाई कार्य रुका
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मलबा हटवाकर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की मांग की है. लेकिन क्षेत्र में अभी भी बारिश जारी रहने के कारण जेसीबी और अन्य मशीनों से मिट्टी हटाने का काम शुरू नहीं हो सका है. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क नहीं खुलती, बच्चों की पढ़ाई और गांव की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती रहेगी. प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें: डिमना लेक में डूबने से दो जूनियर डॉक्टरों की मौत, खोजबीन जारी