प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: प्रखंड कार्यालय परिसर में रविवार को विधिक सेवा प्राधिकार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम का उद्घाटन जिला न्यायाधीश संजय कुमार सिंह,बीडीओ अरुण कुमार सिंह,थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह एवं कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मुख्तार आलम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश संजय कुमार सिंह ने ग्रामीणों को विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए.ऐसे लोगों को विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है.उन्होंने ग्रामीणों को डायन-बिसाही,घरेलू हिंसा,सड़क दुर्घटना में मिलने वाले मुआवजे सहित समाज में फैली विभिन्न कुरीतियों के प्रति जागरूक किया.उन्होंने कहा कि अंधविश्वास और कुरीतियों के कारण कई बार लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है.ऐसे मामलों में कानून का सहारा लेना चाहिए तथा किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी देनी चाहिए.जिला न्यायाधीश ने विशेष रूप से सर्पदंश की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि सांप के काटने के बाद झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए.सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय उपचार कराना चाहिए, ताकि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सके.वहीं बीडीओ अरुण कुमार सिंह ने ग्रामीणों से विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी या सामाजिक समस्या होने पर ग्रामीण पुलिस-प्रशासन का सहयोग लें और कानून के माध्यम से समस्या का समाधान कराने का प्रयास करें.कार्यक्रम के दौरान जागृति आजीविका सखी मंडल को दस लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया.इसके अलावा दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से दस दिव्यांग लाभुकों के बीच ट्राई साइकिल का वितरण किया गया.कार्यक्रम में नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया.कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मुख्तार आलम,बीपीएम नीलकंठ कच्छप,अधिवक्ता बिंदेश्वर साहू,पंकज लोहरा,विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्य लक्ष्मण मोची,उर्मिला कुमारी,सुमन देवी,चंगेज खान,राहुल उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अन्य लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: खान और खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में जनजागरण व आंदोलन की रूपरेखा के लिए झामुमो की बैठक