मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के निर्देश पर पिपरवार क्षेत्र के ग्राम लुकैया में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया.शिविर का आयोजन अधिकार मित्र शिव कुमार के नेतृत्व में किया गया.इस दौरान ग्रामीणों को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार,सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. शिविर में अधिकार मित्र शिव कुमार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का पूरा अधिकार है.उन्होंने कहा कि बुजुर्ग स्वयं को अकेला न समझें, क्योंकि जरूरत पड़ने पर उनकी सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार तत्पर है.
वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपलब्ध सहायता के बारे में विस्तार से बताया गया.इस दौरान अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाने के उद्देश्य और इसकी शुरुआत के संबंध में भी जानकारी दी गई. साथ ही सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई. विशेष रूप से वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य सरकारी लाभों का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया.शिविर में नशा मुक्ति को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया. ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की गई.
उपस्थित लोगों को नशा नहीं करने और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प कराया गया.अधिकार मित्र ने वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर पात्र व्यक्ति इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया.
यह भी पढ़ें: ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों को लेकर अंजुमन कमेटियों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन