न्यूज11 भारत
कुड़ू/डेस्क: राष्ट्रीय राजमार्ग 143ए पर टाटी पलॉटी चर्च के समीप लगभग एक माह पूर्व निर्मित ले-बाई सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सड़क किनारे वाहनों को सुरक्षित रूप से खड़ा करने के लिए बनाई गई अतिरिक्त जगह में लगाए गए पेवर ब्लॉक हल्की बारिश में ही ज़मींदोज़ हो गए. जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है. ले-बाई का निर्माण इस उद्देश्य से किया जाता है कि चालक मुख्य मार्ग से हटकर अपने वाहन खड़े कर सकें, ताकि अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो. लंबी दूरी तय करने वाले चालक यहां आराम कर सकते हैं, वाहन की तकनीकी खराबी की जांच कर सकते हैं तथा आपात स्थिति में सुरक्षित रूप से वाहन रोक सकते हैं. इससे हाईवे पर अचानक वाहन रोकने से होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होती है. लेकिन विडंबना यह है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाई जा रही सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ता का दावा करने वाले विभाग और एजेंसियों की पोल इस ले - बाई ने महज एक माह में खोल दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक यहां नियमित रूप से वाहन भी खड़े नहीं हुए हैं, फिर भी पेवर ब्लॉक उखड़कर धंसने लगे हैं. इससे साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है. यदि निर्माण के तुरंत बाद ही यह स्थिति है तो आने वाले समय में पूरी संरचना की स्थिति का अंदाज़ा तो सहज ही लगाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: नैतिकता दिखाते हुए तत्काल इस्तीफा दें मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन - संदीप वर्मा