न्यूज़11 भारत
मांडर/डेस्क: मांडर प्रखंड क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण खबर है. नवभारत निर्माण संस्थान की ओर से बड़े पैमाने पर भू-मापक यानी अमीन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है. इसका उद्देश्य पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है.
मांडर में शुरू होने जा रहे भू-मापक प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए नामांकन प्रक्रिया 2 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक चलेगी. प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है. प्रशिक्षण प्रभारी के मुताबिक, वर्तमान समय में भू-मापक के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं. इसी को देखते हुए युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल की जा रही है.
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नामांकन के लिए शुल्क भी निर्धारित किया गया है. एसटी-एससी वर्ग और महिलाओं के लिए 300 रुपये, जबकि सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 350 रुपये नामांकन शुल्क रखा गया है.
कार्यक्रम में नामांकन के लिए मैट्रिक पास महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, मांडर पहुंचकर नामांकन कराने की जानकारी दी गई है. अगर आप भी भू-मापक का प्रशिक्षण लेकर रोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं, तो निर्धारित तिथि के भीतर नामांकन करा सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए प्रशिक्षण प्रभारी के मोबाइल नंबर 9234847865 पर संपर्क किया जा सकता है.