शिवांश केशू/न्यूज11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: खान एवं खनिज अधिनियम 2026 यानी MMDR संशोधन बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है. रविवार को JMM जिला कमिटी की अगुवाई में टावर चौक स्थित पुराने नगर निगम परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. इससे पहले कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस की शक्ल में टावर चौक पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों के हाथों में MMDR संशोधन बिल और अन्य मुद्दों से जुड़ी तख्तियां थीं. जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन से झारखंड की वित्तीय व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.
पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि संशोधन लागू होने से राज्य के अधिकारों और वित्तीय हितों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है. उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकार और राजस्व प्रभावित हुए तो खनन प्रभावित क्षेत्रों की विकास योजनाओं पर भी असर पड़ सकता है. पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी ने कहा कि JMM जनहित और झारखंड के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाता रहेगा. पार्टी ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित संशोधन पर राज्य के हितों और संवैधानिक अधिकारों को ध्यान में रखते हुए विचार करने की मांग की. धरना-प्रदर्शन में जिला सचिव महालाल सोरेन समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.