न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में नवाचार आधारित उद्यमिता एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई दिशा देने की दिशा में आज झारखंड एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (JEA) एवं बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT), मेसरा के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए.
इस साझेदारी का उद्देश्य छात्रों, शोधकर्ताओं, संकाय सदस्यों एवं नवाचारकर्ताओं को उनके विचारों एवं अनुसंधानों को तकनीक, उत्पाद एवं स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए एक मजबूत सहयोगात्मक मंच उपलब्ध कराना है. यह सहयोग अकादमिक अनुसंधान एवं उद्योग के बीच की दूरी को कम करते हुए अनुसंधान के व्यावसायीकरण (Research Commercialization) तथा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण (Technology Transfer) को भी गति देगा.
इस समझौते के अंतर्गत दोनों संस्थाएँ संयुक्त रूप से स्टार्टअप स्काउटिंग, नवाचार पहचान, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, उद्योग-अकादमिक सहयोग, निवेशकों से जुड़ाव तथा उद्यमिता विकास कार्यक्रमों का संचालन करेंगी. विशेष रूप से क्वान्टम ,डीप टेक, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), मेडटेक, ग्रामीण नवाचार, पर्यटन, महिला उद्यमिता, सतत विकास एवं उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
इस अवसर पर झारखंड एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुमित कुमार ने कहा, 'यह समझौता केवल दो संस्थाओं के बीच साझेदारी नहीं, बल्कि झारखंड में नवाचार और उद्यमिता के एक नए युग की शुरुआत है. हमारा लक्ष्य केवल विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें नवाचार करने, स्टार्टअप स्थापित करने और रोजगार सृजक बनने के लिए सक्षम बनाना है. हमें विश्वास है कि BIT मेसरा के साथ यह सहयोग अनुसंधानों को प्रयोगशालाओं से निकालकर तकनीक, उत्पाद एवं सफल स्टार्टअप्स में परिवर्तित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा.'
झारखंड एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन पिछले कई महीनों से BIT मेसरा के साथ विभिन्न नवाचार एवं उद्यमिता गतिविधियों में सहयोग करता रहा है. इस औपचारिक समझौते के माध्यम से दोनों संस्थाएँ अब और अधिक संगठित रूप से कार्य करते हुए राज्य में नवाचार आधारित विकास, स्टार्टअप संस्कृति एवं तकनीकी उद्यमिता को नई गति प्रदान करेंगी. दोनों संस्थानों ने झारखंड को नवाचार, अनुसंधान एवं स्टार्टअप आधारित आर्थिक विकास के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए दीर्घकालिक सहयोग का संकल्प व्यक्त किया.