न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में JCI एक्सपो उत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर एक्सपो का उद्घाटन किया. इस एक्सपो का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में किया जा रहा है. यह झारखंड का सबसे बड़ा उपभोक्ता मेला है.
उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि हमारे युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है बस दिशा देने की जरूरत है. हमारे पास प्राकृतिक संसाधन, समृद्ध कला और संस्कृति है. साथ ही हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की विविधता भी है. इतना ही नहीं हमारे पास प्रतिभाशाली नौजवान भी हैं. अब आवश्यकता है तो सिर्फ इन क्षमताओं को आधुनिक सोच, बेहतर डिजाइन, गुणवत्ता और ब्रांडिंग से जोड़ा जाए.
कोशिश होनी चाहिए कि हमारी पहचान सिर्फ झारखंड नहीं बल्कि देश -दुनिया तक के बाजारों में पहुंचे. इस दिशा में झारखंड आगे बढ़ रहा है. हमारे तसर सिल्क का देश और विदेशों में भी मांग है.
राज्यपाल ने कहा कि आज व्यापार की दुनिया तेजी से बढ़ रही है. ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया ने व्यापार की सीमाओं को काफी व्यापक बना दिया है. आज ऑनलाइन खरीदारी के प्रति भी रुचि बढ़ी है. विकसित भारत में युवा शक्ति कि अहम भूमिका होगी. एक्सपो उत्सव के संबंध में राज्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजन उत्पादन और बाजार के बीच सेतु का काम करते हैं.
इसे भी पढ़ें: ED अफसरों पर FIR मामला: हाईकोर्ट ने CM हेमंत सोरेन पर लगाया ₹10 हजार जुर्माना