न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड हाईकोर्ट ने गुमला जिले से आठ साल पहले लापता हुई बच्ची के मामले में पुलिस की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई हैं. आज मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने साफ कहा कि अगर अगले दो सप्ताह के भीतर जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई, तो केस की जांच CBI को सौंपी जाएगी.
सुनवाई के दौरान राज्य की डीजीपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट के समक्ष पेश हुई. उन्होंने अदालत को अब तक की जांच और पुलिस द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी दी. कोर्ट ने जांच की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए तेजी से परिणाम लाने का निर्देश दिया. यह मामला गुमला जिले की एक छह वर्षीय बच्ची से जुड़ा है, जो वर्षों पहले लापता हो गई थी. बच्ची की मां ने सितंबर 2018 में हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका दायर कर अपनी बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई थी. इसके बाद से यह मामला अदालत की निगरानी में चल रहा हैं.
पुलिस की ओर से कोर्ट को बताया गया कि मामले की जांच के लिए नई विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई हैं. टीम बच्ची की तलाश में दिल्ली तक गई और वहां कई जगहों पर जानकारी जुटाई गई. बच्ची की फोटो भी विभिन्न स्थानों और प्लेटफॉर्म पर अपलोड करवाई गई है, ताकि सुराग मिल सके. हालांकि इतने प्रयासों के बावजूद अब तक बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया हैं.
यह भी पढ़े: टेंडर घोटाला मामला: आरोपी इंजीनियर अशोक कुमार गुप्ता ने कोर्ट में किया सरेंडर