न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: राज्य जीएसटी विभाग की टीम ने कल गुरुवार को मेमको मोड़ स्थित हीरक स्क्वायर अपार्टमेंट में संचालित श्याम स्टील के कार्यालय में छापेमारी कर घंटों जांच-पड़ताल की. सुबह शुरू हुई कार्रवाई शाम तक चली, जिसके दौरान अधिकारियों ने कार्यालय को अंदर से बंद कर कंपनी से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से गहन पूछताछ की.
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान कंपनी के प्रतिनिधि विवेक लोधा सहित अन्य स्टाफ से विभिन्न वित्तीय और व्यावसायिक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी ली गई. छापेमारी समाप्त होने के बाद जीएसटी टीम कई महत्वपूर्ण कागजात और दस्तावेज अपने साथ लेकर गई. हालांकि अधिकारियों ने जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या कर चोरी से जुड़े मामलों पर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार किया है.
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कर चोरी अथवा अन्य वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई को लेकर पूरे इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा. वहीं, एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा भी सामने आया है, जिस हीरक स्क्वायर अपार्टमेंट में श्याम स्टील का कार्यालय संचालित हो रहा है, वह मूल रूप से आवासीय परिसर बताया जाता है. स्थानीय लोगों के अनुसार अपार्टमेंट में कई फर्मों के कार्यालय, बुटीक तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. ऐसे में आवासीय भवन में व्यवसायिक गतिविधियों के संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. अब देखना होगा कि जीएसटी जांच के साथ-साथ इस पहलू पर भी संबंधित विभाग क्या कदम उठाता है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: फोरलेन निर्माण स्थल पर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग, दो मजदूर घायल; राहुल दुबे गैंग का पर्चा बरामद