मनीष मंडल/न्यूज़11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में हुए सनसनीखेज प्रेमी मिथुन दास हत्याकांड का गिरिडीह पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया है. पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में प्रेमिका के पिता जगदीश दास, प्रेमिका सपना कुमारी, प्रेमिका की मां रेशमी देवी और पंकज कुमार दास शामिल हैं.
घटना के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितवाहन उरांव ने बताया कि मृतक मिथुन दास का पहाड़पुर गांव निवासी सपना कुमारी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. मिथुन अक्सर सपना से मिलने उसके घर आया करता था, जो सपना के परिजनों को नागवार गुजर रहा था. इसी को लेकर परिजनों ने साजिश रची.
एसडीपीओ के अनुसार सपना के माध्यम से फोन कर मिथुन को घर बुलाया गया, जहां धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया गया और फिर आरी से कई टुकड़ों में काटकर घर के बगल में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया गया. कुछ दिन बाद शव से बदबू आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक हैंडल लगी आरी, खून लगा टांगी, खून लगा जींस, जला हुआ कपड़ा, चैन, किरासन तेल का डिब्बा, खून लगा सफेद बेडशीट और तकिया कवर, एक जोड़ा काला जूता, खून लगे तीन शादी कार्ड, खून लगी ओढ़नी और दो मोबाइल फोन बरामद किया है.
वहीं एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि इस हत्याकांड मामले के उद्भेदन करने वाले सभी पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने,अच्छे काम के लिए प्रशस्ति पत्र एवम रिवॉर्ड के लिए अनुशंसा करेंगे. इस छापेमारी दल में एसडीपीओ जितवाहन उरांव के अलावा पुलिस निरीक्षक बमबम कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी दीपमाला कुमारी, एसआई विजय मंडल, जगन्नाथ पान सहित अन्य जवान शामिल थे.