न्यूज़11 भारत
साहेबगंज/डेस्क: जिले के तीन प्रखंड हर साल गंगा में आने वाली बाढ़ से प्रभावित होते हैं. इस वर्ष भी गंगा का जलस्तर चेतावनी लेवल को पार कर गया है. गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, अपर समाहर्ता विजय कुमार और सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद के साथ साहेबगंज चानन घाट, लंच घाट और बिरसा मुंडा घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त ने तीनों घाटों पर गंगा के बढ़ते जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली.
वहीं मोटर बोट के जरिये अपर समाहर्ता व सदर एसडीओ ने रामपुर, बड़ा रामपुर, टोपरा दियारा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में जाकर बाढ़ की स्थिति और वहां की अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी लिया. इस क्रम में वहां के ग्रामीणों को गंगा के बढ़ते जलस्तर के बारे में जानकारी देते हुए कहा गया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अपने माल-मवेशी के साथ सुरक्षित ऊंचे स्थान पर चले जाएं.
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि अभी गंगा का जलस्तर वार्निंग लेवल 26.25 को पार कर गया है, लेकिन जलस्तर खतरे के निशान 27.25 से एक मीटर कम है. फिर भी बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और तैयार है. उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. स्थानीय स्तर पर गोताखोरों को प्रशिक्षण देकर तैयार रखा गया है. नाव और एंबुलेंस को भी दुरुस्त रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल उपयोग किया जा सके. राहत और बचाव से संबंधित आवश्यक सामग्री एवं उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. साथ ही एनडीआरएफ की टीम के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं. जिला प्रशासन बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए है.
इसे भी पढ़ें: देवेंद्र नाथ महतो के अनशन का आज 11वां दिन, छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर उठी जांच की मांग