न्यूज11 भारत
चान्हों/डेस्क: उत्तर प्रदेश के नोएडा में 18 एवं 19 जून को आयोजित वाईएससीएल (YSCL) क्रिकेट लीग एवं स्टेट कैंप ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए बाघवार एकेडमी, चान्हो के चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अंडर-16 टीम में चयन राष्ट्रीय कैंप के लिए हुआ है. यह प्रतियोगिता सिदित्या क्रिकेट ग्राउंड-2, सेक्टर-135, नगला नगली, बहरामपुर, नोएडा में आयोजित की गई.
चयनित खिलाड़ियों में ऑलराउंडर अभिषेक महली, बल्लेबाज हिमांशु महली, तेज गेंदबाज जियाउल हक तथा ऑलराउंडर भास्कर बाघवार शामिल हैं| इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग के सभी विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया.
टीम ने प्रतियोगिता में कुल तीन मैच खेले, जिनमें दो मैचों में शानदार जीत दर्ज की, जबकि एक मैच में हार का सामना करना पड़ा. खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी राष्ट्रीय क्रिकेट कैंप के लिए किया गया है, जो अगले दो से तीन महीनों के भीतर दिल्ली में आयोजित होगा.
उल्लेखनीय है कि इन खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर इसी वर्ष फरवरी में रांची में आयोजित चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिला था. अब राष्ट्रीय कैंप के लिए चयनित होकर इन खिलाड़ियों ने न केवल बाघवार एकेडमी, बल्कि पूरे चान्हो एवं झारखंड का गौरव बढ़ाया है.
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बाघवार एकेडमी के प्रधानाचार्य अरुण बाघवार, निदेशक अशोक बाघवार तथा कोच अजय कुमार सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं. विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि इन खिलाड़ियों की सफलता अन्य विद्यार्थियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा वे राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय, राज्य और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे.
यह भी पढ़ें: हैदरनगर बाजार में जलता हुआ LT केबल दुकान क़े आगे सड़क पर गिरा, बड़ा हादसा टला