न्यूज11 भारत
चतरा/डेस्क: चतरा के टंडवा कोयलांचल में अपराधियों का खौफनाक तांडव देखने को मिला है. चंद्रगुप्त कोल परियोजना में कार्यरत 'सुशी इंफ्रा कंपनी' के कार्यालय पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग की गई है. नई जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने दफ्तर में घुसकर 8 नहीं, बल्कि करीब 20 राउंड गोलियां बरसाई हैं. इस दुस्साहसिक हमले में एसआईएस के सुरक्षा गार्ड रविश कुमार यादव को गोली लगी है, जिन्हें गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइकों पर आए चार नकाबपोश अपराधियों में से तीन ने दफ्तर के अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया. अपराधियों ने मौके पर एक पर्चा छोड़कर राहुल दुबे गैंग के नाम पर इस घटना की जिम्मेदारी ली है. घटना की सूचना मिलते ही टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से 20 खोखे बरामद किए हैं और दहशत फैलाने वाले इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चला रही है.
यह भी पढ़ें: मिहिजाम थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे गैर-जमानती वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा