विकास कुमार/न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: आदर्श युवा जागृति मंच, जपला के तत्वावधान में आयोजित स्व. धर्मदेव राम नॉकआउट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का फाइनल मुकाबला 26 अप्रैल को रात्रि 7:00 बजे कर्पूरी ठाकुर मैदान, अनुमंडल हुसैनाबाद में खेला जाएगा. फाइनल मैच को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. मंच के अध्यक्ष सुंदरम अग्रवाल ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन 18 अप्रैल को अनुमंडल पदाधिकारी गौरांग महतो द्वारा किया गया था.
प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) हुसैनाबाद दिव्यांश शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे. इसी क्रम में शुक्रवार को मंच के संरक्षक सह पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जितेंद्र पासवान तथा सचिव पियूष कुमार अग्रवाल उर्फ टिंकू अग्रवाल ने नवपदस्थापित एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें बुके भेंट करते हुए फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया.
मौके पर मंच के सचिव पियूष अग्रवाल (टिंकू), मैच के स्कोरर प्रदीप पटेल (पीपी), अर्जुन पटेल एवं अंतू चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे. मंच की ओर से एसडीपीओ को पत्र भेजकर कार्यक्रम के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की भी मांग की गई है. आयोजकों के अनुसार नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और फाइनल मुकाबले को सफल बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं.
यह भी पढ़ें: सत्ता की बेरुखी पर भारी पड़ा ग्रामीणों का जज्बा, श्रमदान से खजूर ढोंढा पर बनाया 20 फीट लंबा बांध